सांसद बृजमोहन ने लोकसभा में आकाशवाणी रायपुर और जगदलपुर में रिक्त पदों पर तत्काल भर्ती करने की मांग
रायपुर।
रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल, लोकसभा में छत्तीसगढ़ से जुड़े लोक महत्व के मुद्दों को लगातार उठा रहे हैं। इसी क्रम में मंगलवार को नियम 377 के तहत छत्तीसगढ़ में आकाशवाणी की रेडियो सर्विस को बेहतर बनाने के लिए लोकसभा अध्यक्ष से मांग की।
बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ के राजधानी रायपुर के आकाशवाणी केन्द्र में स्वीकृत 30 पदों में से 20 पद रिक्त हैं तथा पर्याप्त संख्या में स्टाफ नहीं होने के कारण आदिवासी अंचल जगदलपुर (बस्तर) में सी-बैंड अप-लिंग आरएनयू सुविधा उपलब्ध होने के बावजूद भी, यहां केंद्र सरकार की महत्वपूर्ण योजनाओं का स्थानीय भाषा में सप्ताह में केवल एक ही दिन प्रसारण होता है, जिससे आदिवासी भाई-बंधु को समाचारों और अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां नियमित रूप से सुनने में समस्या आती है। जिसके लिए बृजमोहन अग्रवाल ने आकाशवाणी केंद्र में रिक्त पदों की पूर्ति और जगदलपुर (बस्तर) में सी-बैंड अप-लिंग आरएनयू सुविधा को उन्नयन के लिए तत्काल कारवाई की मांग की है।
