मैनपुरी में युवकों से क्रूरता की हदें पार: बंधक बनाकर पीटा, निर्वस्त्र कर प्राइवेट पार्ट में डाला पेट्रोल
मैनपुरी।
कुसमरा क्षेत्र में बकरा चोरी करने के आरोप में दबंगों ने दो युवकों को बंधक बनाकर क्रूरता दिखाई। उनके साथ बेरहमी से मारपीट की गई, उनके गुप्तांग में पेट्रोल डाल दिया गया। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने शुक्रवार रात में ही छह लोगों को हिरासत में ले लिया है।
बताया गया है कि चौकी कुसमरा क्षेत्र के गांव परशुरामपुर निवासी एक व्यक्ति का बकरा चोरी हो गया था। बकरा चोरी करने के शक में गांव के ओम बाबू और सुधीर सक्सेना को पकड़ने के बाद पशुपालक और उसका साथी खेत पर ले गया। दोनों युवकों के हाथ पर बांधने के बाद उन्हें निर्वस्त्र कर दिया और थप्पड़, लाठी−डंडे से जमकर मारपीट शुरू कर दी गई। पिटाई के दौरान दोनों युवक चोरी न करने की बात कहते हुए रहम की भीख मांगते रहे। इस दौरान पशुपालक और उसके साथी ने अमानवीयता की सारी हदें पार करते हुए युवकों के प्राइवेट पार्ट में पेट्रोल डालना शुरू कर दिया जिससे तड़पते युवक बार-बार छोड़ देने की गुहार लगाते हुए चीखते रहे, लेकिन तालिबानी सजा दे रहे दबंगों ने उनकी एक न सुनी। युवकों को पीटने का शोर सुनकर वहां कुछ ग्रामीण भी पहुंच गए। जिनमें से किसी ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। शुक्रवार की रात वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस सक्रिय हो गई।
