राहुल गांधी के खिलाफ FIR दर्ज, जानबूझकर देश विरोधी बयान देने का लगा आरोप; पुलिस ने जांच की शुरू
झारसुगुड़ा। कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के खिलाफ ओडिशा में एफआईआर दर्ज की गई है। ओडिशा के झारसुगुड़ा पुलिस थाने में राहुल गांधी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 152 और 197 (1) (डी) के तहत मामला दर्ज किया गया है। राहुल गांधी पर कथित तौर पर “जानबूझकर राष्ट्र-विरोधी” बयान देने का आरोप लगाया गया है। यह भी कहा गया कि इससे हर भारतीय नागरिक आहत हुआ है। एफआईआर के मुताबिक 7 फरवरी को रात साढ़े 11 बजे शिकायत दर्ज कराई गई है। सरबहाल के रहने वाले 42 वर्षीय राम हरि पुजारी ने यह शिकायत दर्ज कराई है। इसमें भाजपा, भाजपा युवा मोर्चा, आरएसएस, बजरंग दल और झारसुगुड़ा जिले के भाजपा विधिक प्रकोष्ठ के सदस्यों ने आरोप लगाया है कि विपक्ष के नेता राहुल गांधी जानबूझकर राष्ट्र विरोधी बयान दे रहे हैं। इससे प्रत्येक भारतीय आहत है।
