आचार संहिता अगले सप्ताह कभी भी, नगरीय निकाय पंचायत चुनाव का होगा ऐलान

0
30df53db62db5be92077e3589813ce33472dca3301dcc995d1bf897a672fcd30.0

प्रदेश में जल्द ही नगरीय निकायों व पंचायतों के चुनाव का ऐलान किए जाने के संकेत दिए गए हैं। मतदाता सूची का प्रकाशन 11 दिसम्बर को होने के बाद 13 से 20 दिसंबर के बीच चुनाव की तारीखों की घोषणा के साथ ही आचार संहिता लागू होने के संकेत दिए गए हैं।   स्थानीय निकायों के चुनाव को लेकर प्रशासनिक तैयारियां शुरु हो गई हैं। इसी कड़ी में  कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. गौरव सिंह ने कलेक्टोरेट परिसर स्थित रेडक्रास सभाकक्ष में नगर पालिका एवं त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की तैयारियों की समीक्षा बैठक ली। कलेक्टर डॉ. सिंह ने स्थानीय निर्वाचन की समीक्षा के दौरान कहा कि नगरीय निकाय एवं त्रिस्तरीय पंचायत आम चुनाव में सावधानियां बरतने के साथ गंभीरता बरतना बहुत ही आवश्यक है। उन्होंने कहा कि निर्वाचन ड्यूटी के दौरान प्रत्येक अधिकारी, कर्मचारी पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ निर्वाचन कराएं। साथ ही  निर्वाचन कार्य के दौरान प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी सरलता एवं सहज व्यवहार रखें।

इससे पूर्व राज्य निर्वाचन आयुक्त अजय सिंह की अध्यक्षता में जिला पंचायत कांकेर के सभाकक्ष में नगरीय निकायों एवं त्रिस्तरीय पंचायतों में आगामी आम/उप निर्वाचन अंतर्गत निर्वाचन कार्यों की तैयारियों के संबंध  में समीक्षा की गई। उन्होंने कहा कि नगरीय निकायों में प्रति एक हजार मतदाता के लिए एक मतदान केन्द्र और पंचायतों में निर्वाचन के लिए प्रति 500 मतदाता हेतु एक मतदान केन्द्र बनाया जाय । साथ ही यह भी कहा कि सभी पात्र मतदाताओं के नाम निर्वाचक नामावली में अनिवार्य रूप से जोड़े जाएं। उन्होंने अधिकारियों को चुनाव के दौरान शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने, मतदाता जागरूकता बढ़ाने और मतदान प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के निर्देश दिए। साथ ही यह भी कहा कि 01 अक्टूबर 2024 की स्थिति में 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके सभी पात्र लोगों के नाम निर्वाचक नामावली में अनिवार्य रूप से होने चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed