ASI को ACB ने रंगे हाथ दबोचा

0
IMG_20250405_183128
कोरबा। कोरबा में एसीबी की कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गई है।
जानकारी के मुताबिक प्रार्थी पंचराम चौहान पिता महेत्तर चौहान निवासी केसला, हरदी बाजार जिला कोरबा द्वारा एसीबी बिलासपुर में यह लिखित शिकायत की गई थी कि उसके पास एक बोलेरो वाहन क्रमांक cg 12- dn 4146 है जिसे बुकिंग में चलाता है। कुछ दिन पहले 11 मार्च 2025 को हरदीबाजार थाना में पदस्थ सहायक उप निरीक्षक मनोज मिश्रा रात करीब 1 बजे उनके केसला गांव स्थित घर पर आया और बोला कि तुम्हारी बोलेरो गाड़ी को थाना लेकर चलो,इससे डीजल चोरी का कार्य होता है। पंचराम गाड़ी को लेकर थाने के लिए निकला था कि बीच रास्ते में मनोज मिश्रा द्वारा गाड़ी को कार्यवाही से बचाने के एवज में 50 हजार रुपए की मांग की गई ।
प्रार्थी द्वारा उतना पैसा देने की क्षमता न होना बोलने पर ASI द्वारा गाड़ी को अपने पास रखवा लिया गया। दूसरे दिन सुबह प्रार्थी के वाहन को वापस कर दिया गया और यह कहा गया कि पैसे की व्यवस्था जल्द कर लेना। इस बीच ASI कहीं बाहर चला गया और लौटने पर 29 मार्च को पुनः फोन कर हरदी बाजार थाना आकर मिलने व रकम देने के लिए बोला। प्रार्थी रिश्वती रकम नहीं देना चाहता था बल्कि रिश्वत लेते हुए अनावेदक ASI को पकड़वाना चाहता था जिस पर शिकायत का सत्यापन कराने पर शिकायत सही पाए जाने से अनावेदक को पकड़ने की योजना एसीबी द्वारा बनाई गई।
आज 5 अप्रैल को प्रार्थी को सहायक उप निरीक्षक मनोज मिश्रा के पास मांगी गई रिश्वती रकम में से व्यवस्था हुई राशि 10 हजार रूपये को देने के लिए भेजा गया। ASI मनोज मिश्रा का हाल ही में कोतवाली थाना तबादला हुआ है। उसने सुबह 11:30 बजे प्रार्थी से रिश्वती रकम लेकर टीपी नगर चौक आने को कहा था। प्रार्थी दोपहर करीब 1:30 बजे टीपी नगर पहुंचा तब 10 हजार रूपये को लेते हुए मनोज मिश्रा को एसीबी की टीम द्वारा रिश्वती रकम सहित पकड़ा गया। एंटी करप्शन ब्यूरो बिलासपुर के निरीक्षक के एन आदित्य के नेतृत्व में टीम ने यह कार्रवाई की। सहायक उप निरीक्षक के विरुद्ध धारा 7 पीसी एक्ट 1988 भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्यवाही की गई है। आरोपी एएसआई को विशेष न्यायाधीश गरिमा शर्मा के समक्ष पेश किया गया। विशेष लोक अभियोजक सुनील सोनवानी ने शासन की ओर से मजबूत पैरवी की और फलस्वरुप आरोपी एएसआई को 15 दिन की न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल कराया गया है।
गौरतलब है कि प्रदेश में पिछले 7 माह में पुलिस वालों पर यह लगातार 6 वीं ट्रैप की कार्यवाही है। आज कोरबा में हुई यह ट्रैप कार्यवाही दिन भर चर्चा का विषय बनी रही। विशेष लोक अभियोजक सुनील सोनवानी ने कहा है कि आरोपी चाहे कोई भी हो, उसे न्यायालय द्वारा बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed