गांधी जयंती पर विधायक पालिका अध्यक्ष और जनपद अध्यक्ष ने की सफाई दिया स्वछता का संदेश
गरियाबंद ।
राष्ट्रपिता गांधी जयंती पर और स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा के अंतिम दिन जिला मुख्यालय के तहसील कार्यालय परिसर में विधायक रोहित साहू , पालिका अध्यक्ष गफ्फू मेमन , जनपद अध्यक्ष लालिमा ठाकुर सहित जनप्रतिनिधियों ने साफ-सफाई अभियान चलाकर स्वछता का सन्देश दिया। विधायक रोहित साहू के नेतृव में स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा अभियान अंतर्गत विधायक ने हाथों में झाडू लेकर तहसील कार्यालय परिसर की सफाई की । वहीं जिले के सभी शासकीय कार्यालयों में भी सफाई अभियान चलाया गया। कलेक्ट्रेट परिसर में कलेक्टर दीपक अग्रवाल के नेतृत्व में सफाई अभियान चलाया गया। जनपद, पंचायत, नगरीय निकायों में भी साफ-सफाई की गई। इस अवसर पर उन्होंने सभी जिलेवासियों से आग्रह किया कि आइए इस स्वच्छता अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और समाज में स्वच्छता के प्रति जागरुकता बढ़ाएं। इस अभियान का उद्देश्य केवल सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि यह एक स्वस्थ और विकसित समाज की ओर बढ़ने का मार्ग भी प्रशस्त करता है। इसी तरह जिला अधिकारियों ने भी साफ सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया।
विधायक रोहित साहू ने स्वच्छता ही सेवा के लिए दिलाई शपथ
गरियाबंद के गांधी मैदान में आयोजित कार्यक्रम में विधायक रोहित साहू ने उपस्थित सभी को स्वच्छता के प्रति सजग रहने, समय देने तथा श्रमदान कर स्वच्छता के संकल्प को चरितार्थ करने स्वच्छता ही सेवा के लिए शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि साफ-सफाई एक अच्छी आदत है। स्वच्छ पर्यावरण और आदर्श जीवन शैली के लिए हर एक को यह आदत बनानी चाहिए। स्वस्थ शरीर में स्वस्थ मानसिकता का संचार होता है। देश में स्वच्छता की महती आवश्यकता को देखते हुए हमारे प्रधानमंत्री ने स्वच्छता अभियान शुरू किया। हम सब के स्वस्थ जीवन के लिए इस अभियान में हमें कंधे से कंधा मिलाकर भाग लेना चाहिए। हमें खुद को, घर, अपने आसपास, समाज, समुदाय, शहर, उद्यान और पर्यावरण आदि को रोज स्वच्छ रखने की जरूरत है। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश साहू , जिला महामंत्री अनिल चंद्राकर , भाजपा मण्डल अध्यक्ष सुरेन्द्र सोनटेके , जनपद उपाध्यक्ष प्रवीण यादव पालिका सभापति आसिफ मेमन , भाजपा मण्डल महामंत्री धनंजय नेताम , उपसरपंच कोकड़ी संजू साहू , कलेक्टर दीपक अग्रवाल , जिला पंचायत सीईओ रीता यादव , पालिका सीएमओ संध्या वर्मा सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।
