आवास पर लाया गया मनमोहन सिंह का पार्थिव शरीर, 7 दिन का राष्ट्रीय शोक

0
GfveuIvXwAAET3Z

नई दिल्ली। देश के पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का निधन हो गया है। पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की तबीयत बिगड़ने के बाद गुरुवार शाम को उन्हें एम्स दिल्ली में भर्ती कराया गया था। रात करीब आठ बजे एम्स (Delhi AIIMS) की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया था।
92 वर्षीय सिंह को अस्पताल के आपातकालीन विभाग में लाया गया था। उनके अस्पताल में भर्ती होने का कारण तत्काल पता नहीं चल पाया है। बताया जा रहा है कि उन्हें हार्ट से संबंधित परेशानी थी।

मनमोहन सिंह के आवास के बाहर जुटने लगे लोग

 मनमोहन सिंह का पार्थिव शरीर उनके आवास पर पहुंच गया है। पूर्व प्रधानमंत्री के अंतिम दर्शन करने के लिए लोग सुबह से ही जुटना शुरू हो गए हैं।

शनिवार को होगा अंतिम संस्कार

पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार शनिवार को होगा, इसकी आधिकारिक घोषणा शुक्रवार को होने की उम्मीद है।

केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने जारी किया वीडियो

केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का निधन हो गया है, इससे हमें दुख हुआ है…पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के साथ मेरे बहुत नजदीकी संबंध थे…उनका जाना हमारे लिए दुख की बात है…मैं पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।

राहुल गांधी पूर्व पीएम डॉ. मनमोहन सिंह के आवास से निकले

 कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा नेता राहुल गांधी पूर्व पीएम डॉ. मनमोहन सिंह के आवास से निकले।

भूपेश बघेल ने कहा- देश और कांग्रेस पार्टी के लिए एक अपूरणीय क्षति

 कांग्रेस नेता और छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन की खबर दुखद है। यह देश और कांग्रेस पार्टी के लिए एक अपूरणीय क्षति है।

राष्ट्रपति मुर्मू ने जताया शोक

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह जी उन राजनेताओं में से एक थे, जिन्होंने शिक्षा और प्रशासन की दुनिया में समान सहजता से काम किया। सार्वजनिक कार्यालयों में अपनी विभिन्न भूमिकाओं में, उन्होंने भारतीय अर्थव्यवस्था को सुधारने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्हें राष्ट्र के प्रति उनकी सेवा, उनके बेदाग राजनीतिक जीवन और उनकी अत्यंत विनम्रता के लिए हमेशा याद किया जाएगा। उनका जाना हम सभी के लिए बहुत बड़ी क्षति है।

मनमोहन सिंह के निधन पर सीएम योगी ने दी प्रतिक्रिया

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री एवं प्रख्यात अर्थशास्त्री डॉ. मनमोहन सिंह का निधन अत्यंत दुःखद एवं भारतीय राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति है। वित्त मंत्री एवं प्रधानमंत्री के रूप में उन्होंने देश के शासन-प्रशासन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई…मैं प्रभु श्री राम से प्रार्थना करता हूं कि दिवंगत आत्मा को सद्गति प्रदान करें तथा उनके शोकाकुल परिजनों एवं समर्थकों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।

कर्नाटक में सात दिन के शोक की घोषणा

कर्नाटक सीएमओ ने बयान जारी कर कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन के बाद कर्नाटक में सात दिन के शोक की घोषणा की गई है। कल 27 दिसंबर को सरकारी छुट्टी घोषित की गई है।

मनमोहन सिंह के निधन पर देश में सात दिन का राष्ट्रीय शोक घोषित

कल निर्धारित सभी सरकारी कार्यक्रम रद्द किये गए और देश में सात दिन का राष्ट्रीय शोक घोषित किया गया है। कल सुबह 11 बजे कैबिनेट की बैठक होनी है। भारत सरकार के सूत्र के मुताबिक डॉ. मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा।

राहुल गांधी बोले- मैंने एक गुरु और मार्गदर्शक खो दिया

लोकसभा नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने एक्स पर लिखा कि मनमोहन सिंह जी ने असीम बुद्धिमत्ता और निष्ठा के साथ भारत का नेतृत्व किया। उनकी विनम्रता और अर्थशास्त्र की गहरी समझ ने देश को प्रेरित किया। मैंने एक गुरु और मार्गदर्शक खो दिया है। हममें से लाखों लोग जो उनके प्रशंसक थे, उन्हें अत्यंत गर्व के साथ याद करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed