कल कांग्रेस मुख्यालय लाया जाएगा मनमोहन सिंह का पार्थिव शरीर शनिवार को होगा अंतिम संस्कार
नईदिल्ली ।
देश के पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का निधन हो गया है। पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की तबीयत बिगडऩे के बाद गुरुवार शाम को उन्हें एम्स दिल्ली में भर्ती कराया गया था। रात करीब आठ बजे एम्स की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया था। हार्ट से संबंधित परेशानी के चलते 92 वर्षीय सिंह को अस्पताल के आपातकालीन विभाग में लाया गया था। जहां उनका इलाज किया जा रहा था, लेकिन बाद में उनके निधन की खबर सामने आई। गुरुवार रात 9 बजकर 51 मिनट पर मनमोहन सिंह ने अंतिम सांस ली। इससे पहले 13 अक्टूबर 2021 को मनमोहन सिंह बुखार की शिकायत के बाद दिल्ली एम्स में भर्ती कराए गए थे। उस दौरान उनका बुखार ठीक हो गया था, लेकिन बाद में उन्हें कमजोरी होने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह को अंतिम श्रद्धांजलि अर्पित की।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिवंगत पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह को अंतिम श्रद्धांजलि दी और उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। मनमोहन सिंह के निधन के बाद लालू यादव ने पूर्व पीएम के साथ अपनी यादें ताजा कीं। उन्होंने कहा कि हमारे बीच बहुत अच्छे संबंध थे, वह मेरी बहुत तारीफ करते थे।केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के आवास पर उन्हें श्रद्धांजलि देने पहुंचे। शाह के साथ जेपी नड्डा भी मौजूद हैं। पूर्व पीएम मनमोहन सिंह के निधन पर हरियाणा के पूर्व सीएम और वरिष्ठ कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने शोक जताया। उन्होंने कहा कि मनमोहन सिंह बहुत ही योग्य व्यक्ति थे, वह आरबीआई गवर्नर, वित्त मंत्री और पीएम रहे। वह एक महान अर्थशास्त्री और ईमानदार व्यक्ति भी थे। देश को आर्थिक संकट से उबारने का श्रेय डॉ. मनमोहन सिंह को जाता है। वह देश को अच्छी स्थिति में छोडक़र गए हैं। पूर्व पीएम मनमोहन सिंह के निधन पर कांग्रेस नेता प्रताप सिंह बाजवा ने कहा कि यह देश के लिए दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। वह एक विश्व हस्ती थे। मैं उन्हें अर्थव्यवस्था का आइंस्टीन कहूंगा, उनके योगदान को अमृतसर और पूरा देश याद रखेगा। पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन के बाद कांग्रेस मुख्यालय में कांग्रेस का झंडा आधा झुका दिया गया है। पूर्व पीएम मनमोहन सिंह के पार्थिव शरीर को कल यानी 28 दिसंबर को लोगों के अंतिम दर्शन के लिए कांग्रेस मुख्यालय 24 अकबर रोड लाया जाएगा। उनका अंतिम संस्कार राजघाट के पास किया जाएगा।मनमोहन सिंह के निधन पर देश में शोक की लहर है। विश्व के कई बड़े नेता भी पूर्व पीएम के निधन पर शोक जता चुके हैं। वहीं, ऑस्ट्रेलिया टूर पर गई भारतीय क्रिकेट टीम भी काली पट्टी बांधकर श्रद्धांजलि दे रही है। पूर्व पीएम डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर कांग्रेस नेता सुशील शिंदे ने कहा कि मैं उनके निधन से बहुत दुखी हूं।
पूर्व पीएम डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर पूरे देश में शोक की लहर है।
पूर्व पीएम के निधन के बाद महाराष्ट्र मंत्रालय में राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका दिया गया है। तेलंगाना के सीएम रेवंत रेड्डी ने पूर्व पीएम डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर शोक जताया। उन्होंने कहा, सदाचारी, बेदाग ईमानदारी वाले व्यक्ति, निर्णय लेने में मानवीय स्पर्श से सबसे ऊपर, डॉ. सिंह नए भारत के सच्चे निर्माताओं में से एक थे। कांग्रेस नेता वी. हनुमंत राव ने कहा कि मैंने डॉ. मनमोहन जी के साथ काम किया है, वे न केवल अपनी सरकार बल्कि विपक्ष से भी बात करते थे। उन्होंने कहा कि यह कांग्रेस के लिए बहुत बड़ी क्षति है और खासकर राहुल गांधी के लिए। अमेरिकी राजनयिक और यूएस-इंडिया बिजनेस काउंसिल (यूएसआईबीसी) के अध्यक्ष अतुल केशप ने पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया। केशप ने डॉ. सिंह को भारत और अमेरिका के बीच आधुनिक द्विपक्षीय संबंधों के निर्माता के रूप में सराहा। मनमोहन सिंह के निधन पर शशि थरूर ने कहा कि डॉ. सिंह की टिप्पणी सच साबित हुई। कांग्रेस नेता ने कहा कि मनमोहन सिंह ने 2014 में कहा था, मैं ईमानदारी से मानता हूं कि इतिहास मेरे प्रति समकालीन मीडिया या संसद में विपक्षी दलों की तुलना में अधिक दयालु होगा और सिर्फ दस साल बाद, वह पहले से ही सही साबित हो रहे हैं। केंद्र सरकार ने पूर्व पीएम मनमोहन सिंह के निधन पर आज के सभी कार्यक्रम रद कर दिए हैं और 7 दिनों का राष्ट्रीय शोक घोषित किया है। उनका अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा।कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने मनमोहन सिंह के निधन पर कहा कि यह एक दर्दनाक स्थिति है। डॉ. मनमोहन सिंह कांग्रेस और देश के असली प्रतीक थे। आजादी के बाद के नायक थे। देश पर शासन करने की उनकी दूरदर्शिता और क्षमता को सभी ने देखा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के सभी कार्यक्रम सात दिनों के लिए रद्द कर दिए गए हैं, जिसमें 28 दिसंबर को कांग्रेस के स्थापना दिवस सहित 7 दिनों के लिए कांग्रेस के सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए गए हैं।
आनंद महिंद्रा ने अपने एक्स अकाउंट पर लिखा कि अलविदा डॉ. मनमोहन सिंह। आपने इस देश से प्यार किया। इसके प्रति हमारी सेवा को लंबे समय तक याद रखा जाएगा। ओम शांति। वहीं, अदाणी समूह के चेयरमैन गौतम अदाणी ने भी अपना शोक व्यक्त किया। अदाणी ने मनमोहन सिंह के जीवन को नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा बताया।मालदीव के पूर्व राष्ट्रपति अब्दुल्ला शाहिद ने गुरुवार को पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया। पूर्व राष्ट्रपति शाहिद ने साझा किया कि कैसे डॉ मनमोहन सिंह की बुद्धिमत्ता और ज्ञान से उन्हें बहुत फायदा हुआ और उनके साथ लंबे जुड़ाव को याद किया। एक्स पर एक पोस्ट में शाहिद ने कहा कि भारत के पूर्व प्रधान मंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन के बारे में सुनकर गहरा दुख हुआ।
